क्षमता से अधिक सवारी लादकर अनियंत्रित रफ्तार में फर्राटा भर रही डग्गामार जीप ने सोमवार को एक बाइक को रौंद दिया। इसमें बाइक चालक अधेड़ की मौत हो गई।
गढ़ के कल्याणपुर गांव निवासी 40 वर्षीय सोहनलाल सोमवार को बाइक से गढ़ आ रहा था। वह जैसे ही गढ़-मेरठ रोड पर कल्याणपुर मोड़ पहुंचा उधर मेरठ की तरफ से क्षमता से ज्यादा सवारी लादे तेज रफ्तार से आ रही डग्गामार जीप ने बाइक में टक्कर मार दी।
इसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल के परिजनों को सूचना दी और उसे स्थानीय नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। जहां हालत बिगडता देख चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई मोहनलाल ने अज्ञात जीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर समरजीत सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीप चालाक की तलाश की जा रही है।
ट्रैक्टर-ट्राली ने सोमवार को भैंसा-बुग्गी में टक्कर मार दी। इसमें बुग्गी में सवार दो किसान घायल हो गए। घायलों को स्थानीय नर्सिंगहोम में भर्ती कराया है। वहीं एक अन्य घटना में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्री घायल हो गए।
गढ़ के दौताई गांव निवासी हाजी जुल्फेकार और महबूब अली सोमवार को भैंसा-बुग्गी से गढ़-मेरठ रोड़ पर स्थित शुगर मिल के क्रय केंद्र पर गन्ना डालने गए थे। वापस लौटने के दौरान पीछे से तेज गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने भैंसा-बुग्गी में टक्कर मार दी।
इसमें बुग्गी पर बैठे दोनों किसान घायल हो गए और बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं मेरठ निवासी कासिम अपनी बेटी निदा के साथ बाइक से जनपद बुलंदशहर के कस्बा स्याना में एक शादी समारोह में शामिल होेने के लिए जा रहा था।
देर शाम करीब साढ़े सात बजे गढ़-मेरठ रोड पर दौताई गांव के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे पिता-पुत्री घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया है।