नगर की पॉश कालोनी राधापुरी में किराना व्यापारी से हथियार बंद दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर दो थैले लूट लिए। जिसमें 25 हजार रुपये और जरूरी कागजात थे।
बढ़ती लूट की वारदातों से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। बृहस्पतिवार की रात को करीब पौने दस बजे शहर के प्रमुख किराना व्यापारी सुशील पंसारी अपनी दुकान बंद कर राधापुरी स्थित अपने घर जा रहे थे।
जैसे ही वह रेलवे रोड से जैना टाकिज वाली गली में पहुंचे तो बाइक सवार दो हथियार बंद बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनके दो थैले लूट लिए और फरार हो गए।
बताया गया कि बैग में 25 हजार रुपये और दुकान के कीमती कागजात रखे थे। वारदात की सूचना मिलने पर व्यापारी नेता टुक्की राम गर्ग, मनीष कंसल मक्खन, बिजेन्द्र पंसारी, प्रमोद दीवान समेत अनेक व्यापारी मौके पर पहुंच गए थे। लूट की वारदात को लेकर व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
व्यापारी नेता टुक्की राम गर्ग का कहना है कि पुलिस की लचर कार्य प्रणाली से बदमाश बेखौफ हो गए हैं। 7 जनवरी को व्यापारी के मुनीम से फ्रीगंज रोड पर साढ़े तीन लाख रुपये की लूट हो गई और आज किराना व्यापारी के साथ लूट हो गई।
अगर इसी तरह बदमाश वारदातों को अंजाम देते रहे तो व्यापारी का व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। व्यापारियों ने अपर पुलिस अधीक्षक डा.ओपी सिंह से भी मोबाइल फोन पर वार्ता कर बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कराने की मांग की।
सीओ विशाल यादव का कहना है कि मामले की जानकारी हुई है मौके पर पुलिस टीम भेजी गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।