गांव कुराना में मंगलवार रात एक बीए सेकेंड ईयर की छात्रा ने खुदकुशी कर ली। परिजनों ने पूरे मामले में चुप्पी साध ली है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट हैंगिंग आया है। छात्रा ने खुदकुशी क्यों की पुलिस इसकी जांच कर रही है।
गांव कुराना जहांगीराबाद निवासी किसान बाबू उर्फ विजय बहादुर की इकलौती बेटी अलका (21) सिंभावली के किसान पीजी कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी।
मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में अलका बेहोशी की हालत में कमरे में चारपाई पर मिली। परिजन आननफानन में उसे लेकर सिंभावली के एक नर्सिंग होम में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजन शव को लेकर घर लौट आए। छात्रा की संदिग्ध दशा में मौत होने की भनक लगते ही पुलिस देर रात गांव में पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। बुधवार की सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
एसओ एनके शर्मा का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में हैंगिंग आया है। परिजनों मामले में कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया है। प्रथम दृष्ट्या ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कि किसी वजह से मानसिक तनाव में रहने के कारण छात्रा ने फंदे लगाकर खुदकुशी की है। जांच जारी है।