मिलाप नगर में मंगलवार को अलाव की चिंगारी से आग लग गई। इस भीषण अग्निकांड में 6 झुग्गियां, तीन दुकानें, एक गोदाम, एक मिनी ट्रक जलकर राख हो गया। हादसा मंगलवार तड़के 3:50 बजे हुआ।
आग को काबू करने में दमकल की चार गाड़ियां और चार घंटे का समय लगा। मिलाप नगर में कई सालों से झोपड़ी बनाकर कुछ परिवार रह रहे हैं। इस बस्ती से सटी हुई निराश्रय सेवा समिति में कुष्ठ रोगी रहते हैं।
मंगलवार तड़के करीब 3:50 बजे निराश्रय सेवा समिति से सटे लाला दिनेश के कबाड़ के गोदाम में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने से गोदाम में खड़ा मिनी ट्रक जलकर राख हो गया। कुछ ही देर में आग की लपटों ने गोदाम के बराबर में स्थित अशफाक की चाय की दुकान और मकान को भी अपने चपेट में ले लिया।
आग की लपटें देख झुग्गियों में रह रहे लोगों में हड़कंप मच गया और आनन फानन में वह अपनी-अपनी झुग्गी से बाहर निकले और शोर मचा दिया। शोर सुनकर मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
उधर, सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल दमकल की गाड़ी को बुलवाया लेकिन तब तक गफ्फार, बंतेश, रामगोपाल सहित छह लोगों की झुग्गी जलकर राख हो गई थी। हापुड़, गढ़ और मोदीनगर से चार दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने भीषण आग पर काबू पाया।
अलाव की चिंगारी की वजह से आग लगने की बात सामने आ रही है। घटना की जांच के आदेश दे दिये गए हैं। विशाल यादव, सीओ सिटी