मदर डेयरी के प्रोडक्ट धारा नाम से नगर के मौहल्ला गंगापुरा में नकली रिफाइंड बनाने वाली एक फैक्ट्री का बुधवार को भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रिफाइंड आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाता था। दिल्ली की मदर डेयरी फूड प्रोडक्ट़स धारा नाम से रिफाइंड बनाती है।
कंपनी के ऑर्थोराइज्ड रिप्रेजेंटिव (एआर) विजिलेंस जितेंद्र सिंह के अनुसार पिछले काफी दिनों से उन्हें हापुड़ में धारा नाम के ब्रांड से रिफाइंड बनाने की सूचना मिल रही थी।
बुधवार को वह कंपनी के अधिवक्ता नीरजपाल के साथ कोतवाली आए और पूरे सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंगापुरा स्थित रिफाइंड फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की।
वहां से धारा नाम के रिफाइंड के करीब पांच लीटर के कुछ डिब्बे जब्त कर लिए और फैक्ट्री संचालक को हिरासत में लेकर पुलिस कोतवाली ले गई।
इस सूचना पर शहर के अन्य व्यापारी कोतवाली पहुंच गए और मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया। कंपनी के अधिकारी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुए।
शाम करीब सवा छह बजे सीओ सिटी विशाल यादव कोतवाली पहुंचे और पूरे मामले की जांच के बाद उन्होंने पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिसके बाद पीड़ित कंपनी कर्मचारी ने फैक्ट्री और मालिक के खिलाफ तहरीर दी। देर शाम तक फैक्ट्री के भीतर रखे माल, स्टीकर आदि को पुलिस और कंपनी की टीम द्वारा सील करने की कार्रवाई की जा रही थी।
मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल माल को सील कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कंपनी के एआर जितेंद्र सिंह ने बताया कि नकली धारा नाम का ब्रांड बिजनौर, चांदपुर के अलावा हापुड़ और गढ़मुक्तेश्वर इलाके में खूब धड़ल्ले से बिक्री किया जा रहा था।
टीम ने शहर के कुछ इलाकों में जाकर इस ब्रांड की गहनता से पड़ताल भी की थी। उन्होंने बताया कि नकली धारा का टीन 900 रुपये में बिक्री किया जा रहा था। जबकि असली धारा रिफाइंड के टीन की कीमत 1500 रुपये से अधिक है।
गंगापुरा स्थित रिफाइंड फैक्ट्री में मदर डेयरी और पुलिस की संयुक्त टीम की छापामार कार्रवाई से फैक्ट्री स्वामी और वहां काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया था।
आनन फानन में फैक्ट्री से कर्मचारियों की छुट्टी कर दी गई थी। वहां से कोई सामान नहीं निकले,इसलिये वहां पुलिस को भी तैनात कर दिया गया था।