सपा नेता के भाई पर फायरिंग के मामले में एक गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
13 अप्रैल को पूर्व सपा युवजन सभा के जिला उपाध्यक्ष के भाई एवं मेडिकल स्टोर संचालक इमरान को गोली मारने में वाले आरोपी अंकित को बाबूगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामले का मुख्य आरोपी सुमित भोलू गैंग का सक्रिय सदस्य है, जो भागा हुआ है। पुलिस ने उससे तमंचा और बाइक बरामद की है।
एसओ बाबूगढ़ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह टीम के साथ बनखंडा नहर पुल पर चेकिंग कर रहे थे। तभी बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस के रोकने पर वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी गांव नगला कटक थाना बीबीनगर निवासी अंकित पुत्र महिपाल है। उसका साथी सुमित बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव का है। वह भोलू गैंग का सक्रिय सदस्य भी है। अंकित के पास देशी रिवाल्वर, तीन कारतूस और एक बाइक मिली।
अंकित ने बताया कि उसने और उसके साथी सुमित ने 13 अप्रैल को सिंभावली निवासी इमरान को गोली मारी थी। इमरान मेरठ के अस्पताल में भर्ती है।