शातिरों के चलते जिले में एटीएम से रुपये निकालना दुश्वार हो गया है। भोले भाले लोगों को शातिर आसानी से बातों में उलझाकर शिकार बना रहे हैं। आए दिन हो रही ऐसी वारदात से शहर के लोगों में भय का माहौल है।
हापुड़ नगर व देहात के प्रमुख बाजारों में एटीएम लगे हुए हैं। इन एटीएम पर हर रोज सैकड़ों लोग रुपये निकालने आते हैं, जिसमें बुजुर्ग या महिलाओं की संख्या भी काफी होती है। लेकिन इस दौरान होने वाली ठगी की वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है।
ऊपर से पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी नही होने से शातिरों के हौसले बुलंद हैं। आलम यह है कि पीड़ित की थाने में शिकायत दर्ज कराने पर पुलिस पीड़ित से ही उल्टे सीधे सवाल करना शुरू कर देती है।
एक सप्ताह पूर्व स्टेट बैंक एटीएम में कार्ड बदलकर ठग ने 25 हजार रुपये खाते से निकाल लिए। कोटला मेवातियान निवासी रहीस ने पुलिस व बैंक में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
एक अक्टूबर को मोहल्ला लज्जापुरी निवासी अनुराधा का एटीएम बदलकर ठगों ने 45 हजार 600 रुपये निकाल लिए। महिला ने बैंक व कोतवाली हापुड़ में शिकायत दर्ज कराई लेकिन अबतक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा।
एक महीने पूर्व तहसील चौराहे पर लगे एचडीएफसी बैंक के एटीएम से शिवकुमार निवासी शिवपुरी का कार्ड बदलकर ठगों ने पांच हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है।
एसपी अलंकृता सिंह का कहना है कि ठगी की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाती है। ठगों को पकड़ने के लिए सर्विलांस व स्वाट टीम को विशेष निर्देश दिए गए हैं। ठगी पर अंकुश लगाने के लिए एटीएम धारक को भी सतर्कता बरतनी चाहिए।