29 फरवरी को मिली एक बच्ची की सूचना बाल कल्याण समिति को न देने पर समिति अध्यक्षा ने एसएचओ गढ़ के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसपी को पत्र भेजा है। जिसमें कहा गया है कि उनके खिलाफ धारा 33 और 34 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई जाए।
बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा अतुला शर्मा और सदस्य सुमित टंडन और जयप्रकाश त्यागी ने बताया कि 29 फरवरी को गढ़ के मोहल्ला सेगेवाला बड़ी सराय से एक नवजात बच्ची पुलिस को मिली थी।
मामले में सबसे पहले बाल कल्याण समिति को सूचना दी जानी चाहिए थी, लेकिन गढ़ पुलिस ने ऐसा नहीं किया। सूचना न देकर गढ़ कोतवाल ने किशोर न्याय अधिनियम 2015 का उल्लंघन किया है।
इस संबंध में 16 मार्च और 20 अप्रैल को भी पत्र भेजे गए थे, लेकिन उसके बाद भी गढ़ थाना प्रभारी ने नवजात को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश नहीं किया। उन्होंने किशोर न्याय बोर्ड की धारा 33 और 34 का उल्लंघन किया है।
समिति के पदाधिकारियों ने एसपी और मेरठ रेंज व जोन के पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर गढ़ कोतवाली के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।