साहब! पुलिस बना रही समझौते का दबाव
हापुड़। बाल कल्याण समिति और कुछ ग्रामीणों की तत्परता से नाबालिग किशोरी की शादी रुकवाने और आरोपियों के खिलाफ अपहरण व संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बावजूद पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में समझौता करने का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की है।
हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव गिरधरपुर में 21 जुलाई को मेरठ के दौराला से आये कुछ लोग नाबालिग से एक अधेड़ की शादी कर रहे थे। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने बाल कल्याण समिति को दी, वहीं समिति के सदस्यों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस गांव में पहुंच गयी, लेकिन इससे पहले ही आरोपी नाबालिग को साथ लेकर बिना फेरे ही फरार हो गये। हालांकि उसी रात पुलिस ने नाबालिग को दौराला से बरामद कर लिया था। इस मामले में गांव के दो लोगों सहित छह लोगों पर अपहरण व संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे नाबालिग के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। बल्कि उल्टे पीड़ितों पर ही समझौते का दबाव बना रही है। वहीं एसपी संकल्प शर्मा ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए संबंधित पुलिस को आदेशित किया है।