ट्रैक्टर के नीचे दबकर घायल मजदूर ने तोड़ा दम
भट्ठे पर मिट्टी का ढेर लगाने के दौरान हादसा हुआ था
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। भट्ठे पर मांझा लगाने के दौरान अनियंत्रित होकर पलटे ट्रैक्टर के नीचे दबकर घायल हुए मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव रझैटी का शराफत उर्फ बब्बू (42) गांव के ही एक भट्ठे पर मजदूरी करता था। वह शनिवार शाम भट्ठे पर ट्रैक्टर के मांझे से मिट्टी का ढेर एकत्र कर रहा था कि मिट्टी के ढेर पर टायर चढ़ने से अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया था। इससे ड्राइविंग कर रहा बब्बू ट्रैक्टर के नीचे दबकर घायल हो गया था। घटना का पता लगते ही मुनीम समेत भट्ठा मजदूरों ने उसे बाहर निकालकर स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया था, लेकिन हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया था। उसने इलाज के दौरान रविवार सुबह दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी शकीला, बेटे अयान, अनीस, समीर और बेटी रुकैया, रूखसार का रो रोकर बुरा हाल हो गया।