थ्री व्हीलर में छात्रा के साथ छेड़छाड़
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवीन सब्जी मंडी के पास थ्री व्हीलर में बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी डिग्री कालेज की छात्रा से एक युवक ने छेड़छाड़ कर दी। पीड़िता ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती नगर के एक डिग्री कॉलेज में बीए की छात्रा है। शनिवार दोपहर के समय घर जाने के लिए वह नगर के पक्का बाग चौराहे से ऑटो में सवार हुई। बाबूगढ़ कस्बा निवासी एक युवक उसके पास बैठ गया। जब थ्री व्हीलर देहात क्षेत्र अंतर्गत नवीन मंडी के पास पहुंचा, तो युवक ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दी।
इस पर पीड़िता ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर चालक ने थ्री व्हीलर को सडक़ किनारे रोक दिया। लोगों ने आरोपी युवक को दबोच लिया। इसके बाद छात्रा ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने बाबूगढ़ निवासी अनुज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।