गत्ता फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से लगी
आग, लाखों का सामान जलकर राख
हापुड़। मेरठ रोड स्थित एक गत्ता फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर हाइटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से आग लग गई। इससे लाखों रुपयों का माल जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति रही।
मोहल्ला राधापुरी निवासी जतिन गोयल की मेरठ रोड स्थित आरटीओ कार्यालय के पास देव पैकेजिंग के नाम से गत्ते कार्टन बनाने की फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री में लगभग एक दर्जन मजदूर काम करते हैं। फैक्ट्री मालिक ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे फैक्ट्री के ऊपर गुजर रही हाइटेंशन लाइन के तार में फाल्ट हो गया। इसके कारण फैक्ट्री के पिछले हिस्से में पड़े गत्ते में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री से धुआं निकलता देख अंदर काम कर रहे मजदूरों को आग लगने का पता चला।
मजदूरों ने फोन कर फायर ब्रिगेड व फैक्ट्री मालिक को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मगर, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक लगभग चार लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग के कारण आसपास के क्षेत्र में भी हड़कंप की स्थिति रही। अग्निशमन अधिकारी अनिमेष सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।