दहेज की खातिर बहू को घर से निकाला
हापुड़। थाना सिंभावली क्षेत्र के अंतर्गत गांव दरियापुर निवासी एक महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में गांव दरियापुर निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी 21 मार्च 2016 को थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव अतरौली निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने बताया कि कुछ समय बाद वह गर्भवती हो गई। इस अवस्था में भी उसके साथ मारपीट की गई। 16 सिंतबर 2017 को पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म दिया, जिसकी कुछ समय बाद इलाज न कराने के कारण मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके से दो लाख रुपये लाने की बात कहकर पीड़िता को घर से निकाल दिया।
पीड़िता तब से अपने मायके में ही रह रही है। आरोप है कि 25 मार्च को दोपहर एक बजे ससुराल पक्ष के लोग उसके मायके पहुंचे और दहेज की मांग कर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर लोगों को आता देख आरोपी भाग गए। महिला ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की तो पुलिस ने उसे टरका दिया। मंगलवार को पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी हेमंत कुटियाल ने संबधित थानाध्यक्ष को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के लिए आदेशित किया है।