हत्या कर शव नहर में फेंकने की आशंका
धौलाना। घर से ड्यूटी के लिए निकले बाइक सवार युवक का शव नहर में मिलने पर मंगलवार को थाना क्षेत्र में हड़कंप मच गया। थाना क्षेत्र के गांव सपनावत में बंद नहर में इनफील्ड बाइक सवार युवक का शव मिलने की सूचना वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को दी। नहर में युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त सिरोधन निवासी युवक के रूप में की। इस जानकारी मिलते ही सिरोधन गांव में हड़कंप मच गया। उसके बाद जुटी भीड़ ने परिजनों के पहुंचने पर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया और पुलिस के खिलाफ हंगामा करने लगे। शव की शिनाख्त गांव सिरोधन निवासी अमित राणा उर्फ बिंटू के रूप में हुई है। पुलिस बल मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करने में जुट गया। हंगामा होने की सूचना पर पहुंचे एसडीएम हनुमान प्रसाद ने ग्रामीणों को समझा-बूझाकर शांत करवाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के निर्देश दिए। मृतक के भाई अतेन्द्र सिंह का कहना है कि उनका भाई अपनी इंफील्ड बाइक से ब्रजनाथपुर शुगर मिल में ड्यूटी के लिए बीती रात 8 बजे घर सिरोधन से निकला था। उन्होंने सवाल उठाया कि वह यहां कैसे पहुंचा, इसका पता नहीं है। भाई अतेंद्र ने धौलाना थाना में हत्या कर नहर पुल के नीचे भाई का शव फेंकने की आशंका जताते हुए तहरीर देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक का बेटा नमीस व बेटी अनी उर्फ अंशिका, पत्नी ममता, मां संतोष समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकता है।