20 हजार रुपये लेकर नौकर चंपत
-पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली में दी तहरीर, पुलिस ने मामले की जांच का आदेश दिया
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के ईदगाह रोड पर स्थित एक सैटरिंग की दुकान पर काम करने वाला एक नौकर गल्ले में रखे बीस हजार रुपये लेकर चंपत हो गया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला छज्जूपुरा निवासी कपिल सैनी ने बताया कि वे लोग ईदगाह रोड पर सैटरिंग का कारोबार करते हैं। उनकी दुकान पर चमरी के रहने वाले दो नौकर हैं जिन्हें उन्होंने एक लाख दस हजार एडवांस दे रखे हैं। एक जनवरी की सुबह कपिल सैनी स्टोर से उठकर शौचालय करने चला गया था। इस दौरान उसके एक नौकर ने गल्ला खोलकर उसमें रखे 20 हजार रुपये निकाल कर फरार हो गया।
लौटकर आने पर दूसरे नौकर ने बताया कि नौकर की रिश्तेदारी में एक मौत होने के कारण वह अचानक चला गया है। जब कपिल ने गल्ला खोला तो उसे चोरी का पता चला। इस दौरान दूसरा नौकर भी फरार हो गया। पीड़ित दुकानदारों ने रुपये वापस कराने के साथ-साथ दोनों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। थाना प्रभारी पंकज लवानिया ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है। नौकरों की तलाश की जा रही है।