दिव्यांग की बेटियों से दुष्कर्म का प्रयास
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी एक दिव्यांग महिला ने पड़ोस के कुछ दबंगों पर घर में घुसकर उसकी बेटियों से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर मंगलवार को पीड़िता ने एसपी से इंसाफ की गुहार लगाई है।
शिकायती पत्र में दिव्यांग महिला ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले दबंग लोग पिछले कुछ दिनों से अपशब्दों का प्रयोग कर प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोप है कि उक्त लोग आए दिन पीड़िता की तीनों पुत्रियों के साथ रास्ते में छेड़छाड़ कर अश्लील हरकतें करते हैं। 25 मार्च सुबह करीब नौ बजे उसकी तीनों बेटियां स्कूल जा रही थीं। तभी उक्त लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर सुनकर लोगों को आता देख आरोपी भाग गए। इस पर महिला ने कोतवाली पहुंच मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की तो पुलिस ने उसे थाने से टरका दिया। अब पीड़िता ने मंगलवार को एसपी से शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसपी हेमंत कुटियाल ने पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई की आदेश दिया है।