टोल प्लाजा पर मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाइवे पर टोल कर्मियों द्वारा युवक समेत उसके परिजनों से मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गढ़ के मोहल्ला रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी नवीन कुमार ने 27 सितंबर की रात थाने में तहरीर देकर टोल कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया था। जिसने बताया कि वह 27 सिंतबर को ब्रजघाट एक परिचित के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गया था। जहां से वह अपने पिता और ताऊ के साथ कार से गढ़ वापस लौट रहा था। हाइवे पर गांव अल्लाबख्शपुर के निकट टोल प्लाजा पर तैनात कर्मियों ने उसकी कार रोक ली। पीड़ित ने बताया कि टोल कर्मियों को उसने अपना पहचान पत्र दिखाते हुए स्थानीय नागरिक होने की बात कही, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं आरोपियों ने उसकी जेब में मौजूद करीब दो हजार रुपये की नकदी भी छीन ली। इंस्पेक्टर एनके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।