खड़े ट्रक से टकराई बस, तीन घायल
-पुलिस ने घायलों को कराया अस्पताल में भर्ती
हापुड़। हाईवे पर शनिवार की सुबह एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। जिससे बस चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। जिसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह रोडवेज बस टनकपुर से दिल्ली जा रही थी। जैसे ही बस हापुड़ में हाईवे पर सबली कट के पास पहुंची तो भूसे से भरा खराब ट्रक खड़ा होने के कारण बस ट्रक से टकरा गई। जिससे बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान बस चालक व अन्य दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। फिलहाल मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
कोतवाली प्रभारी समरजीत सिंह ने बताया कि बस व ट्रक आपस में टकरा गए थे। शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।