रजवाहे में अज्ञात युवक का शव मिलने से फैली सनसनी
गढ़मुक्तेश्वर। रजवाहे में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने से शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव सलारपुर के जंगल से होकर निकल रहे रजवाहे में शुक्रवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता हुआ देख किसानों के होश उड़ गए। मृतक की उम्र करीब 38 साल बताई जा रही है, लेकिन शव काफी बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में था और उससे दुर्गंध उठ रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसने आसपास के गांवों से दर्जनों लोगों को मौके पर बुलाया। मगर, इसके बाद भी मृतक की शिनाख्त मुमकिन नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इंस्पेक्टर हरपाल सिंह का कहना है कि शव कई दिन पुराना है, क्योंकि सड़ने-गलने से उसमें बुरी तरह दुर्गंध उठ रही है। उन्होंने बताया कि मृतक की शिनाख्त न होने से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शव कहीं पीछे से रजवाहे में बहकर आया है, इसलिए आसपास के थानों को भी इस संबंध में सूचना कर दी गई है।