सड़क हादसों में पांच घायल, एक रेफर
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसों में नानी-धेवती समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें हालत बिगड़ती देख चिकित्सक ने एक को हापुड़ रेफर कर दिया।
गढ़ क्षेत्र के गांव झड़ीना का धर्मेंद्र सोमवार को मां बाला और भांजी अंजली के साथ हापुड़ में रिश्तेदार के यहां शादी में शिरकत करने गया था, जहां से मंगलवार सुबह लौटने के दौरान सिंभावली क्षेत्र के गांव वैट के मोड़ पर पहुंचते ही बुग्गी को बचाने की कोशिश में संतुलन बिगड़ने से बाइक हाईवे पर फिसल गई। इससे बाइक चला रहे धर्मेंद्र समेत पीछे बैठी उसकी मां और भांजी घायल हो गई। राहगीरों ने सरकारी एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सिंभावली पीएचसी में भर्ती करा दिया, जहां परीक्षण के दौरान हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने अंजली को हापुड़ रेफर कर दिया। दूसरा हादसा गढ़ में गांव अल्लाबख्शपुर के सामने हुआ, जहां सोमवार की रात करीब दस बजे स्पीड ब्रेकर पर कार को पीछे से कैंटर की साइड लग गई। इस हादसे में कार चला रहा अनिल और बराबर वाली सीट पर बैठा उसका दोस्त विवेक निवासी अमरोहा घायल हो गए, जो गाजियाबाद में रिश्तेदार की गमी में शिरकत कर घर को लौट रहे थे।