सड़क हादसों में मां-बेटे समेत सात घायल
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-सिंभावली में हुए सड़क हादसों में मां-बेटे समेत सात घायल हो गए। इनमें हालत बिगड़ने पर एक को मेरठ रेफर कर दिया गया।
मुरादाबाद निवासी राजू, धीरज, शिवम, दीपक बुधवार को कार से मेरठ जा रहे थे। जैसे ही वह गढ़ के गांव नानपुर के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी, जिससे चारों घायल हो गए। पिलखुवा निवासी रशीद किसी काम से गढ़ के गांव अठसैनी आया था। वहां से वापस लौटने के दौरान सिंभावली क्षेत्र में राजपुर कट के पास अचानक दूसरी बाइक को बचाने के चक्कर में उसकी बाइक फिसल गई, जिससे रशीद घायल हो गया। इसके अलावा मेरठ निवासी सीमा और उसका बेटा माधव स्कूटी से मेरठ लौट रहे थे। गांव पोपाई के पास सामने आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को साइड मार दी, जिससे स्कूटी सवार मां-बेटा सड़क किनारे जा गिरे और घायल हो गए। सभी घायलों को अलग-अलग नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया है। शिवम को गंभीर हालत में चिकित्सकों ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया है।