वाहनों की भिड़ंत में मां-बेटी समेत पांच घायल
- हालत बिगड़ने पर एक को किया मेरठ रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। वाहनों की भिड़ंत में मां-बेटी समेत पांच घायल हो गए, जिनमें हालत बिगड़ने पर एक को मेरठ रेफर किया गया है।
दिल्ली के अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार का हालचाल लेकर जनपद अमरोहा के कस्सा बछरायूं की अमीना बेटी रुखसाना के साथ वापस लौट रही थी। तभी शुक्रवार की रात में करीब दस बजे गढ़ के स्याना चौपला पर अधर में अटके फ्लाई ओवर के पास बनाई जा रही सर्विस रोड के बैरियर में उनकी कार की टक्कर लग गई। जिसमें अमीना, रुखसाना समेत ड्राइवर हसरत अली घायल हो गया।
दूसरी घटना शनिवार की सुबह करीब सात बजे गांव अल्लाबख्शपुर के पास हाईवे के स्पीड ब्रेकर पर हुई, जहां तेज रफ्तार में जा रही केंटर ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में कार चला रहा विवेक और उसका चचेरा भाई निशांत निवासी शहादरा दिल्ली घायल हो गए। जो गजरौला की फैक्ट्री में जॉब करने वाले रिश्तेदार से मिलने आ रहे थे। पुलिस ने घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया, जहां हालत नाजुक होती देख चिकित्सकों ने विवेक को मेरठ रेफर कर दिया।