सड़क हादसों में आठ घायल, एक मेरठ रेफर
गढ़मुक्तेश्वर। हाइवे समेत अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में आठ लोग घायल हो गए। इसमें से चिकित्सकों ने एक युवक को गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया है।
जनपद बुलंदशहर के औरंगाबाद क्षेत्र निवासी रामौतार बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे बाइक से मेरठ जा रहे थे। गढ़-स्याना रोड पर कैंटर की साइड लगने से वह बाइक से नियंत्रण खो बैठा और बाइक फिसल गई जिससे रामौतार घायल हो गया। इसके अलावा नेशनल हाइवे बदरखा मोड़ पर हुई तेज रफ्तार कैंटर ने इंडिका कार में पीछे से टक्कर मार दी। इसमें कार से दिल्ली से मुरादाबाद लौट रहा इरफान, उसका भाई नाजिम, भतीजा मतीन और चालक नितिन घायल हो गए। वहीं नेशनल हाइवे पर डग्गामार जीप की साइड लगने से बाइक सवार मेहरबान, दिलशाद निवासी अमरोहा घायल हो गए। गढ़ मेरठ रोड पर अज्ञात वाहन की साइड लगने से किठोर निवासी असलम भी घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने नितिन को गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया है।