घर से लापता महिला का शव ट्रैक पर मिला
हापुड़। घर से लापता मोहल्ला शिवनगर निवासी महिला का शव शुक्रवार सुबह दोयमी रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला शिवनगर निवासी महिला सुमन देवी पत्नी स्वर्गीय सुभाष चंद बृहस्पतिवार शाम से लापता थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। तभी उन्हें किसी ने सूचना दी कि एक महिला का शव दोयमी फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ था। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त सुमन देवी के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद सुमन मेहतन मजदूरी कर परिवार का पेट पालती थी। दो दिन पहले उसका पड़ोसी परिवार के साथ झगड़ा हुआ था। इस दौरान पड़ोसियों ने उसके साथ मारपीट की थी। 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को भी बुलाया गया था। सुमन का मेडिकल भी कराया गया। आरोप है कि सुमन जब मेडिकल लेकर थाने जा रही थी, तो आरोपियों ने उसका मेडिकल फाड़ दिया। शाम के समय सुमन संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गयी। शुक्रवार सुबह उसका शव ट्रैक पर मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पुत्र अभिषेक और विशाल ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
देहात थाना प्रभारी दीक्षित त्यागी का कहना है कि महिला की मौत ट्रेन से कटकर हुई है। हालांकि आरोपों के आधार पर भी जांच की जा रही है।