पूर्व बार अध्यक्ष पर जानलेवा हमला होने की रिपोर्ट
गढ़मुक्तेश्वर। पूर्व बार अध्यक्ष पर जानलेवा हमला होने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पड़ोस में रहने वाले तीन भाइयों समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
गढ़-चौपला की रिफ्यूजी कालोनी में रहने वाले बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरेश गिल ने सिविल जज जूनियर डिवीजन कोर्ट में सीआरपीसी की धारा 156(3) के तहत प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें उल्लेख किया है कि 11 फरवरी को पड़ोस में रहने वाले तीन सगे भाई अपने दो अज्ञात साथियों को लेकर उसके घर के बाहर आ गए थे। इस दौरान उन्होंने तमंचे से गोली चला दी थी, लेकिन भाग्यवश गोली कनपटी से पास से होकर निकल गई और वह दौड़कर घर में घुस गए। इस पर हमलावर पीछा करते हुए घर में घुस आए और बेरहमी से मारपीट करने लगे। इसी बीच शोर सुनकर आए लोगों को देख हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पूर्व बार अध्यक्ष ने अदालत को यह भी अवगत कराया कि पुलिस ने उसके साथ हुए इस घटनाक्रम में रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जबकि आला अफसरों से गुहार लगाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। सिविल जज जूनियर डिविजन अमर प्रताप चौधरी ने गढ़ पुलिस को मामले की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने का आदेश दिया है। इंस्पेक्टर एनके सिंह का कहना है कि पूर्व बार अध्यक्ष पर जानलेवा हमला करने के आरोप में अदालत के आदेश पर तीन नामजद समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसकी विवेचना के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।