अवैध शराब समेत सात गिरफ्तार, 300 लीटर शराब बरामद
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ पुलिस ने अवैध शराब समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास 300 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई है।
गढ़ कोतवाली प्रभारी हरेराम सिंह यादव ने बताया कि सोमवार की रात मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर शाहपुर मोड़ से एक व्यक्ति को कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम टेकचंद निवासी नया गांव बताया। पूछताछ के दौरान टेकचंद ने कच्ची शराब बेचने वाले अपने साथियों के नाम भी बताए। जिसके बाद गांव में दबिश देकर ब्रह्म, कुंवरपाल, महिपाल, डालचंद, दयाचंद और दीपक को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के पास से 8 केनों में भरी 300 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।