कार खड़ी करने को लेकर भिड़े दो पक्ष, कई घायल
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला मजीदपुरा में कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें कई लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे 10 लोगों को हिरासत में लिया है।
नगर के मोहल्ला मजीदपुरा निवासी शहजाद के परिवार के किसी सदस्य की कार शनिवार सुबह गली में खड़ी थी। इससे गली में निकलना बाधित हुआ तो पड़ोस में रहने वाले राशिद ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोगों में कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। लोगों ने हाथों में लाठी डंडे लेकर एक दूसरे के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते पथराव भी शुरू हुआ। जिससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। लोग घरों में दुबक गए। संघर्ष में एक पक्ष के राशिद, परवेज, आस मोहम्मद, साजिद व सलीम गंभीर रुप से घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष के भी कई लोगों को चोट आयी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने घायलों समेत दोनों पक्षों के करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया है। घायलों को पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों के दस लोगों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है।