महिलाओं ने गर्भवती को जमकर पीटा, छह माह के बच्चे की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। बच्चों में मारपीट होने से गुस्साई पड़ोसी महिलाओं ने गर्भवती की पिटाई कर दी, जिससे उसकी कोख में पल रहे छह माह के बच्चे की मौत हो गई।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पलवाड़ा निवासी सरताज ने थाने में तहरीर दी है, जिसमें उल्लेख किया है कि बच्चों के बीच हुई कहासुनी से नाराज होकर पड़ौस में रहने वाली कई महिला उसके घर में घुस आईं। जिन्होंने उसकी गर्भवती पत्नी शबाना को नीचे गिराकर उसकी पिटाई कर दी थी, जिससे उसकी कोख में पल रहे छह माह के बच्चे की मौत हो गई। सरताज का कहना है कि गढ़ के अस्पताल में पहुंचाने के बाद पुलिस कुछ बताए बिना ही वापिस लौट गई, जबकि चिकित्सकों ने जांच पड़ताल के बाद पीड़ित शबाना को रेफर कर दिया। सरताज का कहना है कि रेफर स्लिप अंग्रेजी में लिखी होने और पुलिस के बैरंग लौटने से उसे यह जानकारी नहीं हो पाई कि पीड़ित पत्नी को कौन से अस्पताल में ले जाना है, जिसके चलते मजबूरी में पत्नी को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराना पड़ा है। सरताज ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई कराए जाने की गुहार लगाई है। एसओ रवि रतन का कहना है कि मामला चार दिन पुराना है, जिसकी थाने पर रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है और डॉक्टरी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।