वाहन से बाइक की टक्कर, मजदूर की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। वाहन की चपेट में आने से बाइक चला रहे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पीछे बैठा उसका साथी घायल हो गया।
गढ़ के मुहल्ला मिर्धापाड़ा निवासी रामभूल का बेटा संजय 28 साल बहादुरगढ़ क्षेत्र के डेहरा कुटी में ठेली लगाकर चाऊमीन बेचता था, जो शुक्रवार देर शाम वापस घर लौट रहा था। गढ़-स्याना मार्ग पर सिकंदरपुर मोड़ के सामने किसी किसी वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ड्राइविंग कर रहे संजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा मुहल्ले का ही गौरव गंभीर रूप में घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल गौरव को आनन-फानन में गढ़ सीएचसी ले आई, जबकि परिजनों के पहुंचने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। सड़क हादसे में संजय की मौत होने से उसके परिवार में कोहराम और मुहल्ले में शोक व्याप्त हो गया। एसओ आरके राठी का कहना है कि अज्ञात वाहन की तलाश कराई जा रही है, जिसके पकड़ में आने पर दोषी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।