अनियंत्रित होकर पलटी कार, चार घायल
-गाजियाबाद से परीक्षा देकर लौट रहे थे राधापुरी निवासी छात्र
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। मंगलवार की दोपहर देहात क्षेत्र के बाइपास पर गाजियाबाद से परीक्षा देकर लौट रहे बीटेक के छात्रों की कार अनियंत्रित होकर पलट गयी। हादसे में कार सवार चार छात्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर नगर के मोहल्ला राधापुरी निवासी शिवांग अपने चार दोस्तों के साथ गाजियाबाद स्थित एक कालेज से बीटेक की परीक्षा देकर लौट रहा था। जैसे ही वह देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाइपास पर मंसूरपुर कट के पास पहुंचा। अचानक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गयी। इस हादसे में कार सवार चारों छात्र घायल हो गए। हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। लेकिन गनीमत रही कि किसी छात्र को गंभीर चोट नहीं आयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां प्राथमिक उपचार के चारों को घर भेज दिया गया। थाना देहात प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।