सड़क हादसों में दो की मौत, युवती समेत तीन घायल हुए
गढ़मुक्तेश्वर। अलग-अलग हुए सड़क हादसों में दो की मौत और युवती समेत तीन घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के घर में कोहराम मच गया।
गढ़ क्षेत्र के गांव शाहपुर चौधरी निवासी रामनिवास की बेटी सोनम ने यूपी पुलिस में भर्ती के लिए आवेदन किया था। उसे सोमवार को बिजनौर में परीक्षा देने जाना था। सुबह करीब 6 बजे सोनम को साथ लेकर उसका भाई आयुष अपने पड़ोसी कपिल की बाइक से स्याना चौपला को आ रहा था, जहां से उसे बिजनौर के लिए बस पकड़नी थी। गढ़-चौपला के स्याना रोड पर पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार में आ रही मारूति वैन ने आगे जा रहे वाहन को ओवर टेक करने की कोशिश में बाइक को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में आयुष (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन सोनम और पड़ोसी कपिल घायल हो गए जिन्हें स्थानीय चिकित्सक ने गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया। दोषी चालक वैन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक के भाई अजय ने मारुति वैन के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरा हादसा रविवार रात करीब साढ़े दस बजे गढ़-मेरठ रोड पर फायर स्टेशन के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार कैंटर ने साइकिल को चपेट में ले लिया। इससे साइकिल सवार रफीक अहमद (45) निवासी सादुल्लापुर लोदी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई हनीफ ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर अजय कुमार अग्रवाल का कहना है कि शव पोस्टमार्टम को भेजकर दोषी चालकों की तलाश कराई जा रही है।