अधिवक्ता से लूट का आरोपी दबोचा
हापुड़। कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता से लूटपाट करने के मामले मेें वांछित चल रहे एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को उसकी तीन जून को एक अधिवक्ता से तहसील चौपला पर हुई मोबाइल फोन व तीन हजार रुपये की नगदी की लूट में तलाश थी। गिरफ्तार बदमाश के एक साथी को गाजियाबाद पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
हापुड़ कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह चौहान ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ता मजीबुर्रहमान तीन जून को बाइक से घर जा रहे थे। तहसील चौपला पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका रास्ता रोककर उनसे मोबाइल फोन व तीन हजार रुपये की नकदी लूट ली थी। इसके बाद अधिवक्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस घटना में शामिल दोनों बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि अधिवक्ता से लूटपाट के मामले में वांछित चल रहा बदमाश भागने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को बुलंदशहर रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मोती कालोनी का रहने वाला सद्दाम है।
इस मामले में उसके साथी शहनवाज को गाजियाबाद पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। सद्दाम के खिलाफ जिला गाजियाबाद के निवाड़ी, भोजपुर हापुड़ नगर में करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।