सड़क हादसों में महिला समेत आठ घायल, एक मेरठ रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-सिंभावली क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में महिला समेत आठ लोग घायल हो गए। इसमें से एक को गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया।
गाजियाबाद के पुराना बस अड्डा निवासी राकेश अपने दोस्त फैसल के साथ बुधवार को गढ़ आया था। देर शाम बाइक से वापस लौटने के दौरान सिंभावली क्षेत्र में गांव सिखैड़ा के पास वाहन की साइड लगने से बाइक असंतुलित होकर फिसल गई। इससे बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। इसके अलावा खादर क्षेत्र के गांव लठीरा निवासी चरण अपनी पत्नी रज्जो के साथ बृहस्पतिवार को गढ़ क्षेत्र में घरेलू सामान की खरीदारी करने आया था। वापस लौटने के दौरान नक्का कुआं मंदिर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे चरण, रज्जो और दूसरी बाइक पर सवार महेंद्र घायल हो गए। वहीं नेशनल हाईवे पर ब्रजघाट के पास ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। उसके बाद कार डिवाइडर से जा टकराई। घटना में कार चालक मनीष, राज किशोर और हरेंद्र निवासी मुरादाबाद घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय नर्सिंग होमों में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने मनीष को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया है।