डिवीजन का प्रत्येक जेई रोजाना काटेगा 10 कनेक्शन
- एमडी के निर्देश पर स्थानीय अफसरों ने चलाया सघन अभियान
- बड़े बकायेदारों में मचा हड़कंप, नहीं चल रही सिफारिशें
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़।
डिवीजन क्षेत्र के बड़े बकाएदार अब बच नहीं सकेंगे। पश्चिमांचल विद्युत निगम के एमडी के निर्देश पर प्रत्येक अवर अभियंता रोजाना अपने क्षेत्र के 10 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटेंगे। किसी तरह की सिफारिश नहीं चल सकेंगी। सूची तैयार होते ही बकायेदारों में खलबली मचने लगी है।
हापुड़ डिवीजन क्षेत्र में ऐसे अनेक बकायेदार हैं जो लाखों की बकायेदारी होते हुए भी बिल जमा नहीं करना चाह रहे हैं। निगम अफसरों की ओर से यदि दबाव बनाया जाता है तो वह किसी नेता आदि के पास पहुंचकर निगम अफसरों तक सिफारिशें पहुंचा देते हैं। ऐसे में निगम अफसर भी कार्रवाई नहीं कर पाते और राजस्व वसूली में पिछड़ जाते हैं।
मामले की गंभीरता पर पश्चिमांचल विद्युत निगम के एमडी आलोक कुमार के निर्देश पर अब प्रत्येक अवर अभियंता रोजाना अपने क्षेत्र के 10 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटेंगे। अवर अभियंताओं को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि लक्ष्य अनुरूप कनेक्शन न काटने पर कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
अधीक्षण अभियंता बीएल मौर्य का कहना है कि एमडी के निर्देश पर अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रत्येक जेई को रोजाना 10 कनेक्शन काटने होंगे। किसी तरह की सिफारिश नहीं सुनी जायेगी।
...