बुलंदशहर रोड स्थित सिंडिकेट बैंक की शाखा में एक भाजपा नेता के खाते से करीब 1.27 लाख रुपये साफ होने से बैंक अफसरों में हड़कंप मच गया। इस मामले को लेकर खातेदार नेता ने हंगामा किया तो जांच की गई। तब पता चला कि तकनीकी कारण से उनके खाते में गड़बड़ी हुई थी।
बैंक में हंगामा होने के बाद खाते को दुरुस्त कर दिया गया। भाजपा के जिला महामंत्री और मीडिया प्रभारी प्रवीण सेठी ने बताया कि बुधवार को वह बुलंदशहर रोड स्थित सिंडीकेट बैंक की शाखा में अपने खाते से रुपये निकालने गए थे।
रुपये निकालने से पहले एंट्री कराई तो पता चला कि खाते से करीब 1.27 लाख रुपये गायब हैं। खाते में केवल 2800 रुपये का बेलेंस दिखाया जा रहा है। यह देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने बैंक में हंगामा कर दिया।
मामले की जानकारी बैंक अफसरों को मिली तो उन्होंने दोबारा से प्रवीण सेठी के बैंक खाते को अपडेट किया, तब कहीं जाकर उनका पुराना बैलेंस पासबुक में एंट्री किया गया। एलडीएम एपी चतुर्वेदी का कहना है कि तकनीकी खराबी के चलते पास बुक में गलत एंट्री हो गई थी। इसे दुरुस्त कर ग्राहक के खाते को अपडेट कर दिया गया।