संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। जिले में कोरोना के मामले में लगातार बढ़ रहे हैं। रविवार को जिले में चार और मरीजों में जांच के बाद कोरोना की पुष्टि हुई। जिले में अब कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 21 हो गई है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में कोरोना की नई गाइड लाइन जारी कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार चार में से तीन मरीज हापुड़ के रहने हैं जबकि एक मरीज गाजियाबाद का रहने वाला है, जिसे हापुड़ के अस्पताल में भर्ती किया गया था। सीएमओ डॉ सुनील त्यागी ने बताया कि कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए सभी विभागों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। लोगों से निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
जिले में बढ़ाई जाएगी जांच, अस्पताल पहुंचे रहे लक्षण वाले मरीज होंगे चिन्हित-
कोरोना की रोकथाम के लिए सरकारी अस्पतालों में पहुंच रहे कोरोना जैसे लक्षण के मरीजों की जांच कराई जाएगी। कोरोना जांच का दायरा भी बढ़ाया जाएगा। प्रतिदिन हो रही जांचों की संख्या बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जिले के विभिन्न केंद्रों पर कोरोना की फिलहाल प्रतिदिन 600 लोगों की कोरोना जांच हो रही हैं। इस संबंध में सीएमओ डॉ सुनील त्यागी ने बताया कि अब आदेशित किया गया है कि सभी केंद्रों पर 15 सौ से 18 सौ जांच की जाएं। इस मामले में किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए।
कोरोना के बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी -
जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा नई एडवाईजारी जारी की गई है। स्कूल, कालेज, बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग अपनाने के लिए लोगों को निर्देशित किया गया है। सरकारी कार्यों में भी इन नियमों का पालन करना जरूरी होगा। इसके लिए कुछ निर्देश जारी किए गए हैं।