पिलखुवा। सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने गई शिक्षिका का मोबाइल छीनकर थप्पड़ मारने के मामले की जांच सीओ ने शुरू कर दी है। मामले में पुलिस अधिकारी थानाध्यक्ष और कर्मियों को बचाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि जांच अधिकारी ने घटना के समय थाने में मौजूद अन्य लोगों से फोन पर वार्ता कर उनके कार्यालय में बयान दर्ज कराए है। मजे की बात तो यह है कि थाने में लगे सभी कैमरा खराब बताए जा रहे है। यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना है।
मोहल्ला लुहारन निवासी शिक्षिका प्रतिभा गत 21 जुलाई को सड़क दुर्घटना में घायल हुए भाई की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने गई थी। थानाध्यक्ष से तीन में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने के कारण की जानकारी करते समय शिक्षिका मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगी। आरोप है कि वीडियो बनाने से गुस्साए थानेदार ने मोबाइल छीन लिया और वहां मौजूद कर्मी ने शिक्षिका को थप्पड़ जड़ दिया। आरोप है कि शिक्षिका को एक घंटे थाने में बैठाने के उपरांत छोड़ा गया। एसपी ने मामले की जांच सीओ को सौपी है।
जांच अधिकारी एवं सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि अभी तक की जांच में कोई दोष सिद्ध नहीं हो पाए हैं। फोन पर पीड़िता ने अस्पताल में होना बताया और वह अभी बयान दर्ज कराने नहीं आई है। घटना के समय थाने पर मौजूद लोगों से वार्ता कर उनके बयान दर्ज किये जा रहे है। जांच अधिकारी ने बताया कि थाने पर लगे सीसीटीवी खराब मिले, हवालात वाला चालू पाया गया है। पुलिस कर्मियों ने बारिश से समय से कैमरा खराब होना बताया है। सीओ ने बताया कि मामले की जांच कर रिपोर्ट एसपी को भेजी जाएगी।