हापुड़। घर से निकल कर भटक रहे एक विक्षिप्त बच्चे को लोगों ने देहात थाना में सौंपा, वहां से पुलिस बच्चे का मेडिकल कराने सीएचसी लायी। लेकिन बच्चे ने यहां जमकर उत्पात मचाया, उसके शोर मचाने से लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी तरह पुलिस ने उसे शांत कराया।
बच्चे को लेकर सीएचसी पहुंचे कांस्टेबल ने बताया कि शनिवार रात में स्थानीय लोग बच्चे को लेकर थाने पहुंचे थे। बच्चा सड़क पर इधर उधर भटक रहा था, उसे न तो अपने माता पिता का नाम पता है और न ही घर का पता। बच्चा कुछ बोल भी नहीं पा रहा था, लेकिन उत्पात मचाने में उसने सभी के हाथ पांव फुला दिए।
आपात वार्ड में उसने अचानक शोर मचा दिया, इस पर वहां भर्ती मरीज भी चौकन्ने हो गए। चिकित्सक बच्चे को चुप कराते लेकिन वह कभी जोर से हंसता तो कभी चिल्लाता। पुलिस ने किसी तरह समझाकर उसे शांत कराया, इसके बाद ही बच्चे का मेडिकल हो पाया। जिसके बाद पुलिस बच्चे को लेकर लौट गई। संवाद