संवाद न्यूज एजेंसी सिंभावली । सीतापुर निवासी एक युवती ने सिंभावली क्षेत्र के गांव वैठ के एक युवक पर धर्म के नाम पर धोखा देकर शादी करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जनपद सीतापुर निवासी एक युवती ने सिंभावली पुलिस को तहरीर दी है। पीड़िता ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले बस में दिल्ली से सीतापुर जाते समय बस में चालक से उसकी मुलाकात हुई थी। जिसने अपना नाम सीनू बताया। जिसे बाद उसकी दोस्ती बढ़ती चली गई। पीड़िता ने बताया कि युवक उसके घर पर भी कई बार उससे मिलने के लिए गया था। जब बात शादी तक पहुंची, तो उसे आरोपी के दूसरे समुदाय से होने का पता चला। पीड़िता ने बताया कि दो वर्ष से आरोपी नाम बदलकर खुद को हिंंदू बताकर बातें करता था, जो अब जबरन धर्म बदलकर शादी करने के लिए दबाव बना रहा है। पीड़िता ने इस संबंध में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सिंभावली थाना प्रभारी संजय पांडेय का कहना है कि संबंधित मामले में जांच कराई जा रही है, सच्चाई सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।