हापुड़। सड़कों पर सुरक्षित सफर के लिए लोग लापरवाह नजर आ रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर परिवहन विभाग की ओर से जुर्माना भी वसूला जाता है, लेकिन इसके बाद भी वाहन चालक नियमों की धज्जियां उड़ाने से बाज नहीं आ रहे हैं। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 1543 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 107 वाहन सीज किए गए।
सड़क पर वाहन चलाने के लिए नियम का पालन करने से सुरक्षित सफर किया जा सकता है। नियमों का पालन करने की शर्तों पर ही परिवहन विभाग द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस दिया जाता है। लेकिन डीएल मिलने के बाद वाहन चालक न तो हेलमेट के प्रति सजग हैं और न ही सीट बेल्ट का प्रयोग करते हैं। वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए प्रशासन द्वारा समय समय पर अभियान भी चलाए जाते हैं, लेकिन इसके बाद भी चालकों पर इसका कोई खास असर दिखाई नहीं पड़ता है।
परिवहन विभाग द्वारा 15 दिसंबर से 31 दिसंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया गया। इस अभियान में रोजाना अलग अलग स्थानों पर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसमें सबसे अधिक हेलमेट और बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने वालों की संख्या सबसे अधिक रही। इसके साथ ही बिना फिटनेस और टैक्स जमा किए बिना और ओवरलोड दौड़ रहे 107 वाहनों को जिले के विभिन्न थानों में सीज किया गया।
-
49 लाख रुपये का राजस्व वसूला-
सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता के साथ ही वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन, टैक्स वसूली व अन्य मदों में परिवहन विभाग ने 49 लाख रुपये का राजस्व भी वसूला। एआरटीओ (प्रवर्तन) रमेश कुमार चौबे ने बताया कि मानक पूरे किए बिना सड़कों पर दौड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और राजस्व की भी वसूली की जाएगी।
-
सड़क सुरक्षा पखवाड़ा में वाहनों पर हुई कार्रवाई-
वाहन सीज 107
बाइक बिना हेलमेट 645
बिना सीटबेल्ट 254
ओवरस्पीड 257
मोबाइल प्रयोग करते हुए ड्राइविंग 110
ड्रंक एंड ड्राइव 38
अवैध पार्किंग 75
रांग साइड 68
प्रेशर हॉर्न व मोडिफायड साइलेंसर 54
ओवरलोडिंग 42
-
यातायात माह में काटे गए थे 7175 चालान-
एक नवंबर से 30 नवंबर तक जिले में सुरक्षित यातायात के लिए यातायात माह के रूप में मनाया गया था। लेकिन इसमें भी वाहन चालकों ने यातायात नियमों में खूब धज्जियां उड़ाई थी। यातायात माह में नियमों का उल्लंघन करने पर 7175 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 102 वाहन सीज किए गए थे। इस दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से 2.80 लाख रुपये का राजस्व भी वसूल किया था।