हापुड़। सीसीएसयू से संबद्ध जिले के कॉलेजों में चल रहीं संस्थागत, व्यक्तिगत, सेमेस्टर परीक्षाओं की तिथि निकाय चुनाव के चलते बदल दी गई हैं। स्थगित हुई परीक्षाओं में तीन से 13 मई तक होने वाले पेपर शामिल हैं, अब ये परीक्षा 23 मई से 15 जून के बीच संपन्न कराए जाएंगे। छात्रों को तैयारी का समय तो मिलेगा, लेकिन आगामी शैक्षिक सत्र भी इससे प्रभावित होगा।
एनईपी के विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए जिले में 9 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें व्यक्तिगत और संस्थागत की परीक्षाएं भी चल रही हैं। एसएसवी कॉलेज को नोडल केंद्र बनाया गया है। निकाय चुनाव की घोषणा हो चुकी है, हापुड़ जिले में दूसरे चरण में मतदान होना है। ऐसे में तीन मई से 13 मई तक आयोजित होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है।
हालांकि यूनिवर्सिटी ने बिना देरी किए ही, स्थगित की परीक्षाओं की नई तिथि भी घोषित कर दी हैं। दस दिन तक छात्रों को परीक्षा केंद्रों से दूर ही रहना होगा। स्थगित परीक्षाएं 15 जून तक संपन्न कराई जाएंगी।
ये हैं संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षा की नई तिथियां-
तीन मई को होने वाली बीए एजूकेशन और बीएससी केमिस्ट्री की परीक्षा अब 23 मई, चार मई की बीए साइक्लोजी, बीएससी बॉटनी, बीएससी इंडस केमिस्ट्री, बीएससी फिजिक्स, बीएससी साइक्लोजी की परीक्षा अब 24 मई, छह मई को होने वाली बीए होमसाइंस व बीएससी केमिस्ट्री की परीक्षा अब 25 मई को होगी। आठ मई की बीए फिलोस्फी की परीक्षा 26 मई, नौ मई की बीए साइक्लोजी व बीएससी केमिस्ट्र्र्र्री की परीक्षा 27 मई को होगी। 11 मई की पॉलिटीकल साइंस की परीक्षा 29 मई, 12 मई की बीए फिलोस्फी की परीक्षा 30 मई, 13 मई की बीएस, बीएससी, इकोनॉमिक्स परीक्षा 31 मई को होगी।
प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं
आठ मई को होने वाली इकोनॉमिक्स प्रथम सेमेस्टर परीक्षा अब 10 जून, नौ मई की तृतीय सेमेस्टर इकोनॉमिक्स परीक्षा 12 जून, 11 मई की प्रथम सेमेस्टर ड्राइंग एंड पेंटिंग परीक्षा 13 जून, 12 मई की तृतीय सेमेस्टर ड्राइंग व पेंटिंग परीक्षा 14 जून, 13 मई की प्रथम सेमेस्टर उर्दू परीक्षा 15 जून को होगी।
नई तिथियां नोटिस बोर्ड पर की चस्पा
निकाय चुनाव को लेकर सीसीएसयू द्वारा परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया गया है। इस संबंध में नई तिथि संबंधी नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं, छात्रों को भी जानकारी दी गई है। - डॉ. केके शर्मा, प्राचार्य सीटीसी डिग्री कॉलेज।