धौलाना। हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर धौलाना के अधिवक्ताओं ने स्वागत किया है।
बार एसोसिएशन धौलाना के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि नौ दिन के बाद पुलिसकर्मियों पर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के आदेश पर मुकदमा दर्ज होने से अधिवक्ताओं को बल मिला है। उन्होंने हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का आभार जताते हुए कहा है कि यह अधिवक्ताओं की लड़ाई में न्याय की जीत की दिशा में पहला कदम है। बुधवार को बार एसोसिएशन के आह्वान पर तहसील परिसर में सभी अधिवक्ताओं ने पूर्ण रूप से तालाबंदी जारी रखते हुए आगामी आठ सितंबर तक न्यायिक कार्यों से विरत रहने का फैसला किया है। सचिव लोकेश कुमार ने कहा है कि वह धौलाना बार एसोसिएशन पूर्ण रूप से हापुड़ बार एसोसिएशन के साथ खड़ी है।