हापुड़। स्कूल जा रही छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर डेढ़ माह बाद रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने पांच नामजद व चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
देहात क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में पढ़ती है। मोहल्ला कविनगर निवासी नितिन कुमार व मोहल्ला दरोगा वाली गली का मोनू उर्फ मोना उसकी पुत्री के साथ आए दिन छेड़छाड़ करते हैं और पीछा करके परेशान करते हैं। कुछ दिन पहले आरोपियों ने विरोध करने पर अपहरण की धमकी दी। शिकायत करने पर आरोपी उसके परिवार से रंजिश मानते आ रहे हैं। 29 सितंबर को उसका पुत्र लाइब्रेरी जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में नितिन कुमार, मोनू उर्फ मोना व उनके साथी बादल, सुमित, जैकी और चार अज्ञात युवकों पुत्र को रोक लिया और बेरहमी से पीटा और गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। मारपीट में घायल पुत्र को पीड़ित ने अस्पताल में भर्ती कराया था। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। थाना देहात प्रभारी सुमित तोमर ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामले में नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।