संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़मुक्तेश्वर। स्याना रोड स्थित मां गंगा स्वास्थ्य सेवा अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत मामले में परिजनों ने अस्पताल संचालक समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खादर क्षेत्र के गांव नयाबांस निवासी विनोद ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि वह 6 अगस्त को अपनी पत्नी बबीता के साथ बाइक पर सवार होकर गढ़ शहर में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह रास्ते में पहुंचे तो गांव काईया वाली मिलक निवासी कुंदन राणा ट्रैक्टर लेकर आया और लापरवाही से चलाते हुए उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बैठी बबीता के पैर में गंभीर चोट लग गई। ट्रैक्टर चालक कुंदन ने उसका उपचार गढ़ के मां गंगा स्वास्थ्य सेवा अस्पताल में कराना शुरु कर दिया। विनोद ने बताया कि इस फर्जी अस्पताल में कोई चिकित्सक नहीं था। ज्यादा तबीयत खराब होने के कारण उसने बबीता को अस्पताल से रेफर करने के लिए कहा लेकिन, अस्पताल संचालक और कुंदन ने अस्पताल में ही उपचार कराने की बात कहकर निकलने नहीं दिया।
लापरवाही से उपचार होने के कारण उसकी पत्नी बबीता ने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। इस दौरान परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरु कर दी। विनोद ने आरोपी कुंदन राणा, झम्मन, अस्पताल संचालक जितेंद्र, डॉ. वली और स्टॉफ के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह का कहना है कि संबंधित मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। विवेचक द्वारा विवेचना कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।