गढ़मुक्तेश्वर। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि बुधवार को बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में गढ़-स्याना रोड पर दो कारों में सवार युवकों और बच्चों द्वारा हुडदंग करते हुए स्टंट करने का वीडियो वायरल हुआ था। उन्होंने बताया कि वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि एक कार का मालिक गांव चांदनेर निवासी कासिम है। शुक्रवार को आरोपी कासिम को गिरफ्तार कर कार को कब्जे में ले लिया गया है। जिसे सीज कर दिया गया है। वहीं स्टंट करने में शामिल दूसरी कार का 10 हजार रुपये का चालान किया गया है। सीओ ने सभी से अपील करते हुए कहा कि सडक़ों पर इस तरह का हुड़दंग और स्टंट न करें, जिससे खुद और दूसरों की जान को जोखिम हो। उन्होंने सभी से सडक़ों पर यातायात के नियमों का पालन करने का भी आह्वान किया है।