गढ़मुक्तेश्वर। ब्रजघाट से गंगा स्नान कर कार में सवार होकर हरियाणा लौट रहे युवक ने टोलकर्मी की पिटाई कर दी। टोल प्रबंधक और अन्य लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस को बुलाया। बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। रविवार को टोल बूथ में बैठकर ड्यूटी दे रहे महेश गुप्ता ने बताया कि वह दोपहर में बूथ में मौजूद था। ब्रजघाट की ओर से एक कार आई, जिसमें एक परिवार के लोग बैठे हुए थे। कार चला रहे युवक ने नकद टोल फीस देने के लिए कहा, जिसको टोल कर्मी लेने ने मना कर दिया। इतने में ही कार सवार युवक गुस्से में आया और बूथ में घुसकर टोल कर्मी को पीटना शुरू कर दिया। सारा प्रकरण वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। टोल प्रबंधक दिनेश और अन्य साथियों ने पहुंचकर बीच बचाव किया और मौके पर पुलिस को बुलाया। जिसके बाद पुलिस द्वारा कड़ी हिदायत देकर और टोल कर्मी द्वारा समझौता होने पर आरोपी युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
टोल प्रबंधक दिनेश ने बताया कि किसी भी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई है, भविष्य के लिए कड़ी हिदायत देकर भेज दिया है। वहीं टोल पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। संवाद