गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के स्याना रोड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें कार में सवार दो युवकों की मौत हो गई, वहीं पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जनपद बुलंदशहर के थाना गुलावठी क्षेत्र के गांव सोहनपुर निवासी आयान ने बताया कि उसके भाई सलमान की शादी अमरोहा क्षेत्र के गजरौला के गांव शाहपुर में थी। बुधवार को वह कासिम, कलवा, फैजल, अरमान, समीम, शादाब और अरजान के साथ कार में सवार होकर बरात में जा रहे थे। जैसे ही वह गढ़ में स्याना रोड पर गांव बागड़पुर चेकपोस्ट के पास पहुंचे तो अचानक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। कार में सवार शादाब (23) निवासी चिड़ावक थाना गुलावठी और अरजान (24) निवासी सिकंदराबाद की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी सोमवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत गढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और उपचार दिलाया। जहां चिकित्सकों ने कासिम और फैजल की गंभीर हालत देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया है। जानकारी के अनुसार कार की तेज रफ्तार होने के कारण घटना घटित हुई है, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तेज गति के कारण सड़क दुर्घटना होना प्रतीत हो रहा है। क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।