सिंभावली। मंगलवार की देर रात दिल्ली से पीलीभीत जा रही एक निजी बस सिंभावली क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है।
30 सवारियों को लेकर बस पीलीभीत जा रही था। रात करीब साढ़े 12 बजे जैसे ही बस सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा के पास पुराने हाईवे पर पहुंची, तो चालक तेज रफ्तार बस से नियंत्रण खो बैठा। जिससे बस पुराने हाईवे के डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में फैयाज, रिजवान निवासी पीलीभीत और अब्दुल अहमद निवासी बरेली गंभीर रूप से घायल हो गए।
नींद के आगोश मेंं थी अधिकांश सवारी
घटना के समय बस में मौजूद अधिकांश लोग नींद के आगोश में थे। बस पलटने के बाद तेज धमाके की आवाज और झटके से सवारियों की नींद खुली। बदहवासी में बस में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना देते हुए बस में मौजूद लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले तीनों घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं अन्य लोगों को दूसरे वाहनों की मदद से गंतव्य के लिए रवाना किया। घटना के बाद बस चालक और परिचालक सवारियों को छोड़कर मौके से भाग निकले। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय पांडे का कहना है कि घायलों को उपचार दिलाया जा रहा है। वहीं बस को कब्जे में लेकर चालक, परिचालक की तलाश की जा रही है।