हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव चिचौई निवासी राजकुमार उर्फ राजू पुत्र बुली की हत्या के मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के अनुसार गांव के ही लोगों ने हत्या को अंजाम दिया। आरोपियों में शामिल मुख्य आरोपी को अपनी पत्नी से राजू के प्रेम संबंधों का शक था। इसकी को लेकर उसकी बेरहमी हत्या की गई है। मृतक के शरीर पर लाठी डंडों के सौ से अधिक निशान बताए गए हैं, जबकि उसकी हत्या गला दबाकर की गई है।
बुधवार शाम एक युवक का शव कुराना टोल के पास अब्दुल्लापुर मोड़ी के जंगल में एक बाग में पड़ा मिला था। मृतक के शरीर पर चोट के निशान थे। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी शिनाख्त राजकुमार के रूप में की थी। मृतक के परिजनों ने गांव के ही दूसरी जाति के कुछ दबंगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। आरोप था कि इन लोगों ने बात करने के बहाने उसे खेतों पर बुलाया था और जिसके बाद उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार गांव की एक दूसरी जाति की महिला से पिछले कुछ वर्षों से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। एक माह पहले उसने महिला से कोर्ट मैरिज कर ली थी। जिसकी जानकारी महिला के पति को मिल गई थी। बुधवार दोपहर को गांव चचोई के सुशील ने एक महिला से फोन कराकर राजू को गांव अब्दुल्लापुर मोड़ी के जंगल स्थित एक आम के बाग में बुलाया था। जहां सुशील के अलावा राजू, महेश, भूरा उर्फ राजकुमार व विकास पहले से मौजूद थे। आरोपियों ने पहले उसे लाठी डंडों से बेरहमी से पीटा और इसके बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की बेरहमी से हत्या की पुष्टि हुई है। थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोपियों की लोकेशन प्राप्त हो गई है, जल्दी ही खुलासा कर दिया जाएगा।