हापुड़। कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत मेरठ रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी के संजय बिहार में एक ब्रांडेड कंपनी के नाम पर रेडीमेड कपड़े बनाने वाली फर्जी फैक्टरी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कंपनी के अधिकारी की सूचना पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि ब्रांडेड कंपनी के प्रतिनिधि कृष्ण पाल ने सूचना दी थी कि मेरठ रोड स्थित संजय विहार कालोनी में फर्जी कंपनी चल रही है। सूचना पर कृष्ण पाल ने कोतवाली में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने एक मकान पर छापा मारा। पुलिस को मौके पर 188 हाफ पेंट एवं 144 लोअर ब्रांडेड कंपनी के नकली टैग के साथ मिले। पुलिस ने सारे माल को जब्त कर मौके पर फैक्टरी चला रहे गाजियाबाद निवासी प्रवीन नागर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।